Haldwani: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 121 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 36 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत की गई सख्त निगरानी और पुलिस की सक्रिय रणनीति का परिणाम है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। नवंबर माह से अब तक पुलिस 55 नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 44 अभियोग दर्ज कर चुकी है। इस दौरान 7.96 किलो चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलो गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल और 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
22 फरवरी 2026 को गौला बाईपास रोड के पास चेकिंग के दौरान बनभूलपुरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी में उसके कब्जे से 121 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद उमेर (24 वर्ष) निवासी अजीज गली, थाना बहेड़ी जिला बरेली (वर्तमान निवासी टांडा, शेखपुरा) है। उसके खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
इस सफल ऑपरेशन में उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल संतोष बिष्ट की भूमिका सराहनीय रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को दो हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।
जिले के अन्य क्षेत्रों में भी नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी है। रामनगर में एक तस्कर को 9.84 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि लालकुआं में दो अभियुक्तों को 7.68 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
