Haldwani: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव स्थित शहीद स्मारक में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का पराक्रम, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा और उनका त्याग एवं समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी दोहराया।
कारगिल विजय दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जनपद नैनीताल पुलिस ने देश के अमर वीरों को शत-शत नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संदेश दिया।


Chief Editor, Aaj Khabar
