Haldwani: हल्द्वानी में कबाड़ बीनने की आड़ में चोरी की वारदातों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। प्राचीन देवी मंदिर के समीप केमू बस स्टेशन क्षेत्र में गुरु कृपा जनरल स्टोर के बाहर बुधवार सुबह समाचार पत्रों के चार बंडल चोरी होने का मामला सामने आया है।
दुकान संचालक प्रवीन कुमार दुआ के मुताबिक, उनकी दुकान पर वर्षों से प्रतिदिन समाचार पत्रों की सप्लाई उतारी जाती है। 19 अगस्त की सुबह करीब 3:25 बजे वाहन चालक द्वारा रोज की तरह दैनिक आज और टाइम्स ऑफ़ इंडिया समाचार पत्रों के चार बंडल दुकान के बाहर उतारे गए थे। जब प्रवीन कुमार दुआ सुबह दुकान पहुंचे तो उन्हें समाचार पत्रों के बंडल मौके पर नहीं मिले।
इसके बाद उन्होंने तत्काल वाहन चालक से फोन पर जानकारी ली। वाहन चालक ने पुष्टि की कि उसके द्वारा समाचार पत्रों के चारों बंडल दुकान के बाहर उतारे गए थे। इसके बाद प्रवीन कुमार दुआ ने बनभूलपुरा थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और समाचार पत्रों के बंडल चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हैरानी की बात यह है कि करीब 24 वर्षों में पहली बार समाचार पत्रों के बंडलों की इस तरह चोरी हुई है। खास बात यह है कि लगभग 24 वर्ष पहले, जब शहर में सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का व्यापक इस्तेमाल भी नहीं होता था, तब भी इस तरह की घटना सामने नहीं आई थी। अब शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं होने के बावजूद खुलेआम समाचार पत्रों के बंडल चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ लोग कबाड़ बीनने की आड़ में शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते हैं और मौका मिलते ही चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना में कौन शामिल है और चोरी का तरीका क्या रहा।
अब देखना होगा कि बनभूलपुरा थाना पुलिस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचती है। 24 साल में पहली बार अखबार के बंडलों की चोरी की इस घटना को लेकर मीडिया जगत में भी आक्रोश है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
