Uttarakhand: हरिद्वार-देहरादून नेशनल हाईवे पर मणिमाई मंदिर के निकट बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लोडर और ईको कार की जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लच्छीवाला टोल प्लाजा से कुछ पहले मणिमाई मंदिर के पास सड़क किनारे एक लोडर खड़ा था। इसी दौरान देहरादून की ओर से जा रही ईको कार अनियंत्रित होकर लोडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय कार में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। डोईवाला पुलिस भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर हिमालयन हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। डोईवाला पुलिस ने बताया कि कार सवारों की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
