Haldwani: उत्तराखण्ड में जारी नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी असंतोष और आक्रोश देखने को मिल रहा है। भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर आपत्तियाँ जताते हुए अभ्यर्थियों ने दीपक रावत को ज्ञापन सौंपा और भर्ती को पूर्व की भांति वर्षवार प्रणाली के अनुसार आयोजित करने की मांग की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता और न्यायसंगत व्यवस्था पर प्रश्न खड़े कर रही है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मांग की है कि मौजूदा नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा का पोर्टल तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए और नई भर्ती प्रक्रिया वर्षवार आधार पर शुरू की जाए।
ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने आईपीएचएस (IPHS) मानकों के तहत लगभग 2500 रिक्त पदों पर शिक्षा स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में एक साथ भर्ती निकालने की मांग भी रखी। इसके साथ ही आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को विशेष आयु छूट देने तथा उत्तराखण्ड के मूल निवासियों को प्राथमिकता देने की मांग की गई।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि, प्रशासन द्वारा अनुकूल निर्णय की स्थिति में अनिश्चितकालीन धरना स्थगित करने की बात भी कही गई है। नर्सिंग भर्ती को लेकर उठे इन सवालों के बीच अब सभी की निगाहें प्रशासन के फैसले पर टिकी हुई हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
