Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन ‘नकल विरोधी कानून’ के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हल्द्वानी पुलिस ने नकल कराने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ किया है। गैंग सरगना समेत कुल 9 आरोपियों को होटल जलविक, टीपीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर श्री प्रकाश चन्द्र एवं क्षेत्राधिकारी श्री नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 3 अगस्त को छापेमारी कर पुलिस ने कमरे से नकल के उपकरणों सहित सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
पकड़े गए आरोपी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में ऑनलाइन नकल कराने के उद्देश्य से ‘AnyDesk’ और ‘Ammy Admin’ जैसे रिमोट डेस्कटॉप सॉफ्टवेयर के माध्यम से सॉल्वर बैठाने की योजना बना रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग 6 अगस्त से आयोजित होने वाली एसएससी परीक्षा में छात्रों से चार-चार लाख रुपये लेकर उन्हें पास कराने की साजिश रच रहा था।
मुख्य आरोपी सुनील कुमार व परविंदर कुमार ने दिसम्बर 2024 में ज्ञानकोश डिजिटल लाइब्रेरी को देहरादून निवासी दीपक कन्नौजी से लीज पर लिया था। योजना के तहत परीक्षा के दौरान आईटी टीम की मदद से लैपटॉप और मोबाइल के जरिए प्रश्न हल करवाने की तैयारी थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, एक वाईफाई डोंगल, चार्जर समेत अन्य उपकरण जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के निवासी शामिल हैं। इनमें से कई के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी जैसे गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को एसएसपी नैनीताल द्वारा ₹2500 का नकद पुरस्कार घोषित किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 270/2025 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

