Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में विधायक सुमित हृदयेश का पुलिस प्रशासन पर हमला, फर्जी मुकदमों के विरोध में कांग्रेस ने तेज आंदोलन की दी चेतावनी

Haldwani: हल्द्वानी में विधायक सुमित हृदयेश का पुलिस प्रशासन पर हमला, फर्जी मुकदमों के विरोध में कांग्रेस ने तेज आंदोलन की दी चेतावनी
शेयर करे-

Haldwani: सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के आरोपों को लेकर आज हल्द्वानी में विधायक सुमित हृदयेश ने प्रेस वार्ता कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

प्रेस वार्ता में विधायक सुमित हृदयेश के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पीड़ित परिवार मौजूद रहे। सभी ने हालिया घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्षता से कार्य नहीं कर रही है और सत्तापक्ष के दबाव में काम कर रही है।

विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, लेकिन हाल में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ जिस प्रकार का कथित दुर्व्यवहार हुआ है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में फंसाकर उन्हें अपराधी बनाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने मदरसन कंपनी में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण धरने का समर्थन करने पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई दमनकारी नीतियों का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हमेशा जनहित के आंदोलनों के साथ खड़ी है और गरीब व आमजन को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।

विधायक सुमित हृदयेश ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं, दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए।

प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू और छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल ने भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और लोगों को फर्जी मामलों में फंसाने का डर दिखाया जा रहा है।

समाजसेवी पीयूष जोशी की माता श्रीमती पुष्पा जोशी ने भावुक होकर बताया कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और उसे गंभीर मामलों में फंसाने के साथ जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल चिमवाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष रहना चाहिए, लेकिन वर्तमान हालात में ऐसा नहीं दिख रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष लोगों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, मोहन बिष्ट, गिरीश पांडे, दिनेश सांगूड़ी, पूजा पालीवाल, विनीता भट्ट, हिमांशु कबड़वाल, कमल बोरा और मेहुल साह सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कथित पुलिस दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए जल्द न्याय की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *