Haldwani: कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी में 2200 करोड़ रुपये की लागत से एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा सहायतित एकीकृत शहरी अवसंरचना विकास परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना को हल्द्वानी जैसे महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि शीघ्र ही वे स्वयं परियोजना स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि हल्द्वानी तहसील परिसर में 336 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक बहुमंजिला भवन का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्रस्तावित भवन में विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों के साथ-साथ लाइब्रेरी, प्रेस क्लब, रिकॉर्ड रूम, कंट्रोल रूम और लगभग 650 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।
रकसिया नाला आउटफॉल के तहत 30 करोड़ की लागत से 1500 मीटर लंबे निर्माण कार्य का 90% हिस्सा पूर्ण हो चुका है, जिसे जून माह तक वर्षा ऋतु से पूर्व पूरा करने का लक्ष्य है। पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत 766 किलोमीटर लाइन बिछाने के कार्य में से 250 किलोमीटर तथा 120 किलोमीटर सीवरेज लाइन में से 40 किलोमीटर का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अलावा, 14 सतही जलाशयों में से 2 का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 23 वार्डों में ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन, 8 नए ट्यूबवेल और 25 मौजूदा टैंकों के सुदृढ़ीकरण का काम भी चल रहा है।
शहर के जलभराव की समस्या के समाधान हेतु 128 करोड़ रुपये की लागत से वॉकवे से शनिबाजार तक वर्षा जल प्रबंधन परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। नैनीताल रोड पर जलभराव से निपटने के लिए 7 आउटफॉल का निर्माण किया जा रहा है, जिनसे वर्षा जल को गौला नदी में प्रवाहित किया जाएगा।
मंडी से तीनपानी तक फोरलेन सड़क के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया चल रही है, जबकि नैनीताल और कालाढूंगी मार्गों पर 115 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सड़क निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, संयुक्त निदेशक (अर्थ-संख्या) राजेन्द्र तिवारी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
