Haldwani: हल्द्वानी में कॉन्वेंट स्कूलों की मनमानी और अभिभावकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। सोमवार को प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख बुक स्टोर्स पर छापेमारी कर महंगी किताबों की जबरन बिक्री की जांच की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई के नेतृत्व में शहरी क्षेत्रों में, जबकि एसडीएम परितोष वर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण इलाकों में यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह और जीएसटी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन को शिकायतें मिली थीं कि निजी स्कूल अभिभावकों को महंगी किताबें और कॉपियां खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं। इसके तहत स्कूल प्रशासन खास बुक स्टोर्स से ही किताबें खरीदने की शर्त लगा रहे थे, जिससे प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही थी और कीमतें बढ़ रही थीं।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों से आवश्यक दस्तावेज भी मांगे और उनकी जांच की। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि कोई स्कूल या बुक विक्रेता महंगी किताबें जबरन बेचने या खरीदने के लिए बाध्य करता पाया गया, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस कदम से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन से इस सख्ती को आगे भी जारी रखने की मांग की है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
