Haldwani: मंगलवार को सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने हल्द्वानी में करीब 22.57 करोड़ रुपये की लागत से तीन अलग-अलग सीवरेज योजनाओं का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत रानीबाग–काठगोदाम, राजपुरा और बरेली रोड क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
सांसद भट्ट ने बताया कि पेयजल निर्माण निगम द्वारा बनाई जा रही रानीबाग–काठगोदाम सीवरेज योजना 1481.07 लाख रुपये की लागत से पूरी होगी, जिसकी कुल लंबाई 9.70 किमी है। इस योजना से वार्ड नंबर 1 और 2 के कुल 1007 परिवारों की लगभग 5033 आबादी लाभान्वित होगी।
राजपुरा क्षेत्र में 358.27 लाख रुपये की लागत से 2.81 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी, जिससे वार्ड 12, 13, 14 और 15 के 1565 परिवारों को लाभ मिलेगा। वहीं, तीसरी योजना के तहत हीरानगर, रामपुर रोड और पर्वतीय मोहल्ला क्षेत्रों में 417.71 लाख रुपये की लागत से 3.3 किमी सीवर लाइन डाली जाएगी, जिससे 1783 परिवारों की 8914 की आबादी को फायदा होगा।
अजय भट्ट ने बताया कि इन योजनाओं से न केवल सीवर टैंक की बार-बार सफाई की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि खुले में बहने वाले गंदे पानी से पर्यावरण प्रदूषण और जल जनित बीमारियों की रोकथाम भी सुनिश्चित होगी।
शुभारंभ कार्यक्रम में मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पार्षद प्रीति आर्या, हेमंत साहू, अधिशासी अभियंता ए.के. कटारिया सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

