Haldwani: कारगिल विजय की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर हल्द्वानी में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग द्वारा “शौर्य दिवस समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वीर सैनिकों, वीर नारियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। सुबह शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, वीर जवानों के परिजनों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान वीर नारियों श्रीमती जयंती देवी, श्रीमती उमा देवी और श्रीमती अनीता कुमारी सहित नायक कैलाश चंद, सिपाही कृष्ण बहादुर राणा तथा नायक सूबेदार गंगा सिंह को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में आयोजित निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी रमेश सिंह सहित सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी, एनसीसी कैडेट, पूर्व सैनिक और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
