Haldwani: बीती सायं नैनीताल रोड स्थित ठंडी सड़क पर सड़क दुर्घटना में घायल हुए कृष्णा हॉस्पिटल के मैनेजर डॉ. हरभजन सिंह की कुशलक्षेम जानने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं कृष्णा हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने उपचाराधीन डॉ. हरभजन सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उपचार कर रही चिकित्सक टीम से स्वास्थ्य की अद्यतन जानकारी ली।
एसएसपी ने परिजनों और अस्पताल स्टाफ को हरसंभव पुलिस सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मारने वाले बाइक सवार के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर वाहन को सीज कर दिया गया है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने ठंडी सड़क पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विशेषकर स्कूल, अस्पताल और भीड़भाड़ वाले स्थानों के समीप स्पीड ब्रेकर स्थापित करने के लिए संभावित स्थानों पर स्वयं मौके पर मार्किंग करवाई गई।
उन्होंने सीओ हल्द्वानी एवं निरीक्षक यातायात को निर्देशित किया कि स्पीड ब्रेकर निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराते हुए सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, पीडब्ल्यूडी एवं नगर निगम के अधिकारी, एसएसआई रोहताश सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। रैश ड्राइविंग और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ अभियोग दर्ज किया जाएगा।


Chief Editor, Aaj Khabar
