Headlines

Haldwani: राहुल गांधी के छात्र अभियान को हल्द्वानी से मिली रफ्तार, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस का बड़ा संवाद

Haldwani: राहुल गांधी के छात्र अभियान को हल्द्वानी से मिली रफ्तार, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस का बड़ा संवाद
शेयर करे-

Haldwani: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे “छात्रों की गूँज” अभियान के तहत शुक्रवार को स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में महानगर कांग्रेस कमेटी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कोटा (राजस्थान) में राहुल गांधी द्वारा विद्यार्थियों के साथ किए गए संवाद का डिजिटल प्रेजेंटेशन भी प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में NEET एवं JEE अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, बढ़ते निजीकरण तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर अभियान के उद्देश्यों और छात्रों की समस्याओं को मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया।

सुमित हृदयेश ने कहा कि आज देश का छात्र केवल परीक्षा नहीं दे रहा, बल्कि भ्रष्ट और असफल व्यवस्था से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, भर्ती घोटाले, रिक्त पदों पर वर्षों तक नियुक्तियां न होना और शिक्षा का बढ़ता निजीकरण युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का “छात्रों की गूँज” अभियान देश के करोड़ों छात्रों की आवाज़ को राष्ट्रीय मंच देने का प्रयास है और कांग्रेस युवाओं के अधिकार, पारदर्शी भर्ती, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सम्मानजनक रोजगार के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने छात्रों से किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या जैसा कदम न उठाने और संघर्ष जारी रखने की अपील भी की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि “छात्रों की गूँज” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरे देश में भर्ती परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का विश्वास कमजोर हुआ है। कांग्रेस प्रत्येक छात्र को निष्पक्ष परीक्षा, समयबद्ध भर्ती, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर दिलाने के लिए आवाज़ उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में हेमन्त बगड़वाल, हरीश मेहता, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, प्रदीप सर, गोविंद बगड़वाल, मधु सांगूड़ी, राधा आर्य, गिरीश पांडे, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, कौशलेंद्र भट्ट, स्वाति जोशी, इंजीनियर सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *