Haldwani: नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित गरिमामय पीपिंग सेरेमनी में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील चन्द्र जोशी को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने उनके कंधों पर पारंपरिक रूप से अलंकार और सितारे सजाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिस अधिकारी की कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यशैली और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी ईमानदारी, कार्यकुशलता और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा नैनीताल पुलिस का गौरव बढ़ाएंगे।
निरीक्षक सुशील चन्द्र जोशी मूल रूप से ऊधम सिंह नगर जिले के शांतिपुरी के निवासी हैं। उन्होंने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में सेवा शुरू की थी। वर्ष 2008 में विभागीय पदोन्नति परीक्षा उत्तीर्ण कर उपनिरीक्षक बने और पीटीसी मुरादाबाद से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उत्तरकाशी में पहली तैनाती मिली।
वर्ष 2010 में उनका स्थानांतरण नैनीताल जिले में हुआ, जहां उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव सहित कई पुलिस चौकियों में प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2020 में पिथौरागढ़ में थानाध्यक्ष बेरीनाग और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ के पद पर भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद पुनः नैनीताल में विभिन्न चौकियों और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा के पद पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। वर्तमान में वह थानाध्यक्ष मुखानी के पद पर तैनात हैं और अब निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए हैं।
पीपिंग सेरेमनी में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, वाचक एसएसपी रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Chief Editor, Aaj Khabar
