॰ प्रदेशभर में 10 अगस्त तक बारिश के आसार
Uttarakhand: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार 5 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और गर्जन की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर जिले में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए आज सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करने की अपील की है।
वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में तेज बारिश, गर्जन और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
