Headlines

Haldwani: रहस्यमयी परिस्थितियों में गौला पुल से नदी में कूदा 16 वर्षीय युवक, एसडीआरएफ ने शव किया बरामद

Haldwani: रहस्यमयी परिस्थितियों में गौला पुल से नदी में कूदा 16 वर्षीय युवक, एसडीआरएफ ने शव किया बरामद
शेयर करे-

॰ आत्मघाती कदम के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

Haldwani: हल्द्वानी से बेहद दुखद खबर सामने आई है। रविवार शाम गौला नदी में छलांग लगाने वाले 16 वर्षीय प्रियांशु बिष्ट का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रियांशु बिष्ट हाथीखाल, मोतीनगर (बरेली रोड) का निवासी था। रविवार शाम करीब पांच बजे वह घर से ड्राइंग का सामान खरीदने की बात कहकर निकला था। परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था और उसका व्यवहार भी सामान्य था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रियांशु घर से निकलने के बाद बनभूलपुरा स्थित गौला पुल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह कुछ देर तक पुल पर अकेले टहलता रहा। जैसे ही वह पुल की रेलिंग के पास पहुंचा, वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि कोई उसे पकड़ पाता, उसने नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। कुछ स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि तेज बहाव, अधिक गहराई और बारिश के चलते नदी का पानी मटमैला होने से तलाश अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। अंधेरा बढ़ने पर अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने प्रियांशु का शव नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *