Haldwani: हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना लालकुआं निवासी एवं ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय अनुज सिंह दानु द्वारा फायर स्टेशन हल्द्वानी को दी गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीम तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंचने पर दुकान का शटर बंद था और अंदर से आग की तेज लपटें निकल रही थीं। फायर कर्मियों ने शटर खोलकर तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग दुकान के तीनों फ्लोर तक फैल चुकी थी, जहां बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने अत्यंत सावधानी और तत्परता के साथ आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया।
अग्निशमन अभियान के दौरान टीम ने आग की चपेट में आए 19 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालकर ठंडा किया। समय रहते सिलेंडर को हटाए जाने से संभावित विस्फोट और बड़े हादसे की आशंका टल गई। इसके बाद फायर सर्विस की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से हुए आर्थिक नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, जो प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक हो सकता है।
फायर सर्विस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों के साहस और तत्परता की सराहना की है।


Chief Editor, Aaj Khabar
