Headlines

Haldwani: उत्तराखंड की संस्कृति पर आधारित फिल्में ‘बोल्या काका’ और ‘दून एक्सप्रेस’ जल्द होगी देशभर में रिलीज, हेमंत पांडे ने हल्द्वानी में किया ऐलान

Haldwani: उत्तराखंड की संस्कृति पर आधारित फिल्में ‘बोल्या काका’ और ‘दून एक्सप्रेस’ जल्द होगी देशभर में रिलीज, हेमंत पांडे ने हल्द्वानी में किया ऐलान
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड में फिल्म इंडस्ट्री को नई दिशा देने वाली दो बड़ी फिल्मों ‘बोल्या काका’ और ‘दून एक्सप्रेस’ जल्द ही उत्तराखंड के साथ-साथ देशभर के सिनेमा हॉल में रिलीज होने जा रही हैं। रविवार को हल्द्वानी के होटल प्राइड में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अभिनेता हेमंत पांडे ने इन फिल्मों की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि ‘बोल्या काका’ फिल्म जी बी म्यूजिक ट्रेडिंग एंड सर्विस प्रोवाइडर के बैनर तले बनी है, जिसके निर्माता प्रशांत कुमार और निर्देशक शिव नारायण सिंह रावत हैं। रावत को फिल्म इंडस्ट्री का 50 वर्षों का अनुभव है और उन्होंने बॉलीवुड, साउथ इंडियन तथा उत्तराखंड की फिल्मों में उल्लेखनीय कार्य किया है। फिल्म में सुमन गौड़, विपिन सेमवाल, मोहित घिल्डियाल, शिवानी कुकरेती, अशोक नेगी सहित कई कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत विनोद चौहान ने दिया है जबकि गीतकार द्रुपद लक्की और एडिटर राजन अय्यर हैं।

हेमंत पांडे ने बताया कि ‘बोल्या काका’ में वे सूत्रधार की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का उद्देश्य उत्तराखंड की ज्वलंत समस्याओं को समाज के सामने रखना है। वहीं ‘दून एक्सप्रेस’ फिल्म में उन्होंने एक राजनीतिक नेता का किरदार निभाया है। यह फिल्म महिला सशक्तिकरण और एक 10 वर्षीय बच्ची के संघर्ष की कहानी पर आधारित है। इसका निर्माण पांडे एंटरटेनमेंट एंड प्रोडक्शन के बैनर तले दीपक पांडे और ममता पांडे ने किया है। निर्देशक और लेखक अनुग्रह अग्निहोत्री हैं। फिल्म में रितिका शर्मा, अंकित परिहार और संयोगिता ध्यानी जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।

निर्देशक शिव नारायण सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड की भाषा और संस्कृति को बचाने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बंगाल सरकार की तर्ज पर राज्य सरकार से मांग की कि उत्तराखंडी फिल्मों को भी प्राइम टाइम स्लॉट मिले।

प्रोड्यूसर दीपक पांडे ने कहा कि ‘बोल्या काका’ सुपरहिट होगी और इसके बाद ‘दून एक्सप्रेस’ भी देशभर में रिलीज होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तराखंड की फिल्म इंडस्ट्री को आगे ले जाने के लिए उनकी टीम हरसंभव प्रयास करेगी, जिससे न केवल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं को रोजगार और पहचान भी मिलेगी।

इस अवसर पर अनुग्रह अग्निहोत्री ने अपनी नई वेब सीरीज ‘तलाश’ का भी उल्लेख किया, जो ON Films और Nithin Entertainment के बैनर तले बन रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार के सहयोग से राज्य की फिल्म इंडस्ट्री लगातार मजबूत हो रही है।

प्रेस वार्ता में प्रोड्यूसर ममता पांडे और सीए जयप्रकाश अग्रवाल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *