Haldwani: हल्द्वानी में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राज्य आन्दोलन के 336 सक्रिय आन्दोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एम.बी.पी.जी. महाविद्यालय के सभागार में हुआ, जहां दायित्वधारी अध्यक्ष मंडी परिषद डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हुकुम सिंह कुंवर और उप जिलाधिकारी राहुल शाह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि उत्तराखण्ड के 25 वर्ष पूरा होना हर निवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने नीतिगत फैसलों और बेहतर कार्यसंस्कृति के माध्यम से नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों के त्याग और संघर्ष के कारण ही उत्तराखण्ड का सपना साकार हो पाया। अब हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह राज्य के समग्र विकास में योगदान दे।
सम्मान समारोह में हल्द्वानी और लालकुआँ क्षेत्र के कुल 336 आन्दोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी राहुल शाह, रेखा कोहली, तहसीलदार कुलदीप पांडे, पूजा शर्मा सहित बड़ी संख्या में आन्दोलनकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
