Nainital: नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एक सरप्राइज़ सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाहरी व्यक्तियों, मजदूरों, फड़-फेरी वालों, ठेले लगाने वालों और किराएदारों की सघन जांच की गई। शनिवार सुबह 7 बजे से शुरू हुए इस अभियान में लगभग 150 पुलिसकर्मियों की टीम ने काठगोदाम क्षेत्र, दमुआढुंगा, खेड़ा क्षेत्र कॉलटेक्स, कैनाल रोड, तुलसी नगर, पॉलीशीट, हाईडल तिराहा, ठोकर लाइन, रेलवे तिराहा, नई बस्ती और शीश महल में सत्यापन किया। इस दौरान 1,500 घर और दुकानें चेक की गईं, जिनमें 546 लोगों का सत्यापन किया गया—346 को पहचान ऐप और 200 को मैन्युअल प्रक्रिया से। सत्यापन न कराने पर 20 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए, जिसमें 19 मामलों को कोर्ट भेजा गया और एक मकान मालिक से मौके पर ही ₹5,000 संयोजन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा, 81 पुलिस एक्ट के तहत 6 लोगों पर भी कार्रवाई करते हुए ₹2,000 का जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर, इस अभियान में लगभग 2 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। एसएसपी मीणा ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अवैध रूप से रहकर माहौल खराब करने वालों को या तो सुधरना होगा या फिर क्षेत्र छोड़ना होगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किराएदारों और मजदूरों का सत्यापन जल्द से जल्द कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
