Haldwani: संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ रंगकर्मी ललित सिंह पोखरिया को हल्द्वानी में रंगमंच के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध नाट्य संस्था शैलनट की ओर से आनंदा अकादमी में आयोजित समारोह में उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शैलनट के कला निदेशक डॉ. डी.एन. भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार रवि शंकर शर्मा, हरीश उप्रेती, आनंदा अकादमी के प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र सिंह बिष्ट, दीक्षा बिष्ट तथा प्रधानाध्यापिका श्रीमती माया बिष्ट सहित शहर के विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
भारतेंदु नाट्य अकादमी से जुड़े ललित सिंह पोखरिया अब तक 100 से अधिक नाटकों में अभिनय, लेखन और निर्देशन कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। रंगमंच पर आधारित उनकी कई पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं।
सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों के लिए “शिक्षा में रंगमंच की आवश्यकता और उपयोगिता” विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें रंगमंच के माध्यम से प्रभावी शिक्षण और व्यक्तित्व विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।
इससे पूर्व स्कूली विद्यार्थियों के लिए आयोजित कार्यशाला में ललित सिंह पोखरिया ने बच्चों को बताया कि व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में रंगमंच की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों को रंगमंच से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक अभ्यास भी कराए।
कार्यशालाओं में लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग कर रंगमंच की उपयोगिता और उसके व्यावहारिक पक्षों की जानकारी प्राप्त की।


Chief Editor, Aaj Khabar
