Headlines

Himachal Pradesh: भारी बारिश के बीच बिलासपुर में पहाड़ दरका, निजी बस पर मलबा गिरने से 16 यात्रियों की दर्दनाक मौत

Himachal Pradesh: भारी बारिश के बीच बिलासपुर में पहाड़ दरका, निजी बस पर मलबा गिरने से 16 यात्रियों की दर्दनाक मौत
शेयर करे-

Himachal pradesh: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार शाम बिलासपुर जिले के बरठीं के भल्लू पुल के पास बड़ा हादसा हो गया। मरोतन से घुमारवीं जा रही 32 सीटर निजी बस पर अचानक पहाड़ से भारी-भरकम चट्टानों के साथ मलबा आ गिरा। इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि भाई-बहन दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। घटनास्थल पर मौजूद सूबेदार मेजर कुलवंत सिंह पटियाल ने बताया कि यह जगह पहले से ही अत्यधिक संवेदनशील थी। पहाड़ी से अक्सर मिट्टी और पत्थर गिरते रहते थे, लेकिन विभाग ने इसे ब्लैक स्पॉट घोषित करने या सुरक्षा उपाय करने की कोशिश नहीं की। ग्रामीणों ने कई बार लोक निर्माण विभाग को इसकी जानकारी दी थी और आठ दिन पहले भी सुरक्षित बनाने की मांग की थी, लेकिन लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया।

भल्लू पुल का यह हिस्सा एक ओर से कच्ची पहाड़ी और दूसरी ओर गहरी खड्ड के कारण हमेशा से खतरे में माना जाता था। हादसे के बाद प्रशासन ने आशंका जताई कि कुछ यात्री खड्ड में भी गिर सकते हैं। इसके बाद जेसीबी मशीनों और बचाव दल को नीचे तक भेजकर तलाशी अभियान चलाया गया।

बताया गया कि संतोषी बस इस रूट पर दिन में दो बार चलती थी। लगातार तीन दिन से हो रही बारिश ने पहाड़ी को कमजोर कर दिया था और इसी वजह से यह दुर्घटना हुई। हादसे ने 15 परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे इलाके में मातम पसर गया।

घटना के बाद आसपास के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। थोड़ी ही देर में पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात करीब नौ बजे एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला। सलापड़ से तीन वाहनों में दर्जनों जवान मौके पर पहुंचे। अंधेरा होने पर जनरेटर की व्यवस्था की गई और जेसीबी मशीनों व डॉग स्क्वाड की मदद से देर रात तक मलबा हटाने का कार्य चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *