Himanchal: हिमाचल प्रदेश के चंबा और लाहौल स्पीति जिले की सीमा पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पांगी-उदयपुर मार्ग पर कड़ू नाला के पास पहाड़ से अचानक बड़े-बड़े पत्थर टाटा सूमो वाहन पर आ गिरे, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक सहित 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
लाहौल स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि पुलिस थाना उदयपुर क्षेत्र में HP01M2210 नंबर की टाटा सूमो पर पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों में वाहन चालक बीर सिंह भी शामिल हैं। सभी मृतक चंबा जिले की पांगी घाटी के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में वाहन पूरी तरह मलबे और विशाल पत्थरों के नीचे दबा दिखाई दे रहा है। टाटा सूमो के परखच्चे उड़ गए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
भरमौर से विधायक डॉ. जनकराज ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पांगी-उदयपुर मार्ग पर हुए इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई है और 2 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने की अपील की है।
चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, बीआरओ और राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में स्थित है और वहां मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण जानकारी जुटाने में कठिनाई आ रही है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Chief Editor, Aaj Khabar
