Bageshwar: भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उरेडा (UREDA) के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने हल्द्वानी सेक्टर विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके सोलर प्लांटों से संबंधित संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से लंबित है। आरोप था कि परियोजना अधिकारी प्रत्येक फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता की चार फाइलों के निस्तारण के लिए कुल 40 हजार रुपये मांगे गए थे।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने उरेडा कार्यालय में जाल बिछाया। शिकायतकर्ता द्वारा जैसे ही परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत दी गई, टीम ने उन्हें मौके पर ही रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अधिकारी मूल रूप से राजनगर, पीरूमदारा (रामनगर), जनपद नैनीताल का निवासी बताया गया है। विजिलेंस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
