Haldwani: आयकर भवन काठगोदाम में शुक्रवार को 167वां आयकर दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT), नई दिल्ली के अध्यक्ष के शुभकामना संदेश के डिजिटल प्रसारण से हुआ, जिसमें कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान आयकर विभाग द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। फिल्म में विभाग की उपलब्धियों के साथ भविष्य की चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीतियों को भी प्रस्तुत किया गया।
प्रधान आयकर आयुक्त नरेंद्र सिंह जांगपांगी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कुशल, न्यायसंगत एवं समृद्ध भारत के निर्माण के लिए सत्यनिष्ठा और दक्षता के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने विभाग के मूल्यों के अनुरूप जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में हल्द्वानी कार्यालय के सफाई कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही आयकर दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को पुरस्कृत किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पीएसपी अस्पताल, हल्द्वानी के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर आयुक्त (अपील) संजय कुमार, उप/सहायक आयकर आयुक्त टी.एस. पंचपाल, दर्शन लाल, आयकर अधिकारी त्रिभुवन चंद्र जोशी, अनूप बलूनी, लोकेश कुमार मीणा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
