New Delhi: दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में वर्दी पहने दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान शेर सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड पुलिस का सिपाही है और वर्ष 2025 से निलंबित चल रहा है। मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे प्रकरण की जानकारी तलब कर ली है और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
जानकारी के अनुसार, शेर सिंह दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर शामिल हुआ। धरना स्थल से उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहता सुनाई दे रहा है, “जब देश ही नहीं बचेगा तो इस नौकरी का क्या करूंगा? उत्तराखंड पुलिस की नौकरी छोड़कर कॉकरोचों की रक्षा करने आया हूं।” वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी वर्तमान सेवा स्थिति, वर्दी पहनने की वैधानिकता और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, शेर सिंह की तैनाती पहले पिथौरागढ़ जिले में रही थी। वर्तमान में वह पुलिस लाइन पिथौरागढ़ से संबद्ध बताया जा रहा है और अवकाश पर दिल्ली गया था। वर्ष 2025 में हरिद्वार में तैनाती के दौरान वह निलंबित हुआ था। वह मूल रूप से हरिद्वार का निवासी है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निलंबन की अवधि में सरकारी वर्दी पहनकर सार्वजनिक धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के मामले में उसके खिलाफ कौन-कौन से विभागीय और कानूनी प्रावधान लागू होते हैं।
पुलिस मुख्यालय स्तर पर पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता, घटनाक्रम और संबंधित तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर संबंधित जिलों के अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस विभाग फिलहाल आधिकारिक तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रहा है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की पुष्टि की जा रही है।
वहीं, दिल्ली के जंतर मंतर से उत्तराखंड पुलिस के सिपाही का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती का बयान भी सामने आया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
