Maharashtra: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती में हुए भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, चुनाव प्रचार के सिलसिले में बारामती जा रहे अजित पवार का चार्टर प्लेन लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चार्टर्ड विमान खेत में गिरकर पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक विमान पूरी तरह जल चुका था। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियों द्वारा हादसे की जांच की जा रही है।
अजित पवार के आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुखद घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। जिन लोगों ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री ने अजित पवार को जनता से गहराई से जुड़े नेता बताते हुए कहा कि वे महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में सदैव अग्रणी रहे। प्रशासनिक मामलों की उनकी गहरी समझ और गरीब व पिछड़े वर्गों को सशक्त बनाने का उनका समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा। उनका असमय निधन न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश की राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है।


Chief Editor, Aaj Khabar
