Mussoorie: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को अचानक उत्तराखंड के पर्यटन नगरी मसूरी पहुंचे। उनका यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया, जिसकी जानकारी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं तक को नहीं थी। मसूरी पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर संगठन की मजबूती, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति, जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता और चुनावी तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन लगातार सक्रिय है और आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। साथ ही क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में मौजूद नेताओं ने बताया कि कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनकी जनता के बीच सकारात्मक चर्चा हो रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनसे वर्ष 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह भी किया। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
नितिन नवीन के इस अचानक और गोपनीय दौरे को भाजपा कार्यकर्ता आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Chief Editor, Aaj Khabar
