Mussoorie: केम्पटी फॉल के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब पेट्रोल और डीजल से भरा ट्रक पेट्रोल पंप के सामने गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद टैंकों के फटने से ईंधन का तेज रिसाव शुरू हो गया, जिससे आग लगने का खतरा बढ़ गया। सूचना मिलते ही मसूरी फायर सर्विस और केम्पटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने ट्रक को हैंड ब्रेक लगाकर पेट्रोल पंप के पास खड़ा किया था, लेकिन कुछ ही देर में वाहन पीछे की ओर खिसककर खाई में गिर गया। टैंक फटने के बाद पेट्रोल-डीजल सड़क तक बहने लगा। फायर टीम ने सतर्कता बरतते हुए रिसते हुए ईंधन को एक अन्य खाली टैंकर में स्थानांतरित किया। फायर ऑफिसर धीरज तडियाल ने बताया कि दीपावली के समय ऐसा हादसा अत्यंत खतरनाक हो सकता था। पुलिस ने चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और तकनीकी खामी की जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
