Haldwani: उत्तराखण्ड के विकास पुरुष, जननायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पं. नारायण दत्त तिवारी जी की जन्मशती पर शनिवार को हल्द्वानी में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेसजनों ने तिवारी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पं. नारायण दत्त तिवारी जी ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों के सर्वांगीण विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके आदर्श, कर्मशीलता और दूरदृष्टि आज भी सामाजिक, राजनीतिक और नैतिक मूल्यों पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि तिवारी जी केवल एक नेता नहीं, बल्कि जनता के सच्चे सेवक और विकास पुरुष थे। उनका जीवन ईमानदारी, समर्पण और सेवा की मिसाल है। कांग्रेसजनों ने इस अवसर पर भारत सरकार से मांग की कि पं. नारायण दत्त तिवारी जी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाए, ताकि उनके ऐतिहासिक योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि मिल सके।
इसी क्रम में इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल, काठगोदाम में तिवारी जी की जन्मशती पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता दीपक बल्यूटिया ने कहा कि तिवारी जी एक सच्चे देशभक्त, आदर्श पुरुष और सर्वप्रिय नेता थे, जिनकी विकासपरक सोच और दूरदर्शिता ने उत्तराखण्ड की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि तिवारी जी आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं, और हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए राज्य को नए कीर्तिमान की ओर ले जाना चाहिए।
संगोष्ठी में विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुराग माथुर, उपप्रधानाचार्या ममता तनेजा सहित सभी शिक्षकों ने तिवारी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। हिंदी विभाग की निशा काण्डपाल, गणित विभाग के जीवन चंद्र भट्ट और भौतिक विज्ञान के मनमोहन जोशी ने तिवारी जी के जीवन और योगदान पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन मनमोहन जोशी ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में हेमन्त बगड़वाल, सतीश नैनवाल, भोला भट्ट, मधु सांगुड़ी, सुहैल सिद्दीकी, मलय बिष्ट, रेनू तोमर, मयंक भट्ट, अमित रावत, कोमल जायसवाल, दिनेश सांगूड़ी, गोविंद बगड़वाल, गोविंद बिष्ट, राजेन्द्र उपाध्याय, कौशलेंद्र भट्ट, संदीप जोशी, मनोज भट्ट, दिवेश तिवारी, पार्षद एडवोकेट धर्मवीर, चंदन भाकुनी, राजकुमार, गणेश टम्टा, संजू उप्रेती, प्रदीप बिष्ट, ताहिर भाई, उदित करायत सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
