Nainital: कोतवाली भवाली क्षेत्र में घर से चोरी हुए लाखों रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषणों की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत ₹15 लाख है, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए।
29 अगस्त 2026 को ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना निवासी श्रीमती उमा लटवाल ने अपने घर से स्वर्ण आभूषण चोरी होने के संबंध में कोतवाली भवाली में तहरीर दी थी। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 33/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के आदेश पर पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चन्द्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल सुरागरसी-पतारसी, संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली को गिरफ्तार कर लिया।
गाड़ी खरीदने के लिए चोरी किए थे आभूषण
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका चोरी किए गए स्वर्ण आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने का इरादा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की 02 जोड़ी पौंची, 01 जोड़ी कान के झुमके, 01 नथ, 01 गोलोबंद, 01 मांग-टीका और 01 अंगूठी बरामद की। बरामद स्वर्ण आभूषणों का कुल वजन करीब 12 तोला और अनुमानित कीमत ₹15 लाख बताई गई है।
चोरी का त्वरित खुलासा कर शत-प्रतिशत बरामदगी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने ₹2,500 के इनाम की घोषणा की है।
गिरफ्तारी/बरामदगी करने वाली टीम: वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनंद सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चन्द्र, मनीष पुनेठा, नरेंद्र मेहता, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश एवं हेड कांस्टेबल चालक आनंद सिंह कनवाल।

Chief Editor, Aaj Khabar
