Headlines

Nainital: नैनीताल में ओवररेटिंग पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, मदिरा दुकानों पर छापेमारी में ₹3.05 लाख का जुर्माना वसूला

Haldwani News
शेयर करे-

Nainital: जनपद में मदिरा दुकानों पर ओवररेटिंग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुक्रवार को पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

इस दौरान तहसील नैनीताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल और लालकुआं क्षेत्रों में संचालित देशी और विदेशी मदिरा दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण में कई दुकानों पर अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक दरों पर शराब बेचे जाने समेत अन्य अनियमितताएं पाई गईं।

रामनगर के रानीखेत रोड स्थित देशी मदिरा दुकान सहित हल्द्वानी, लालकुआं और अन्य क्षेत्रों की दुकानों में गड़बड़ियां सामने आईं। वहीं कालाढूंगी, मंडी तीनपानी बाईपास, मुखानी, जवाहर नगर, भवानीगंज, बैलपड़ाव और तल्लीताल की विदेशी मदिरा दुकानों में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया।

प्रशासन ने इन सभी मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 64/74 के तहत संबंधित विक्रेताओं पर कुल ₹3 लाख 05 हजार का जुर्माना लगाया, जिसे तत्काल सरकारी राजस्व में जमा कराया गया।

जिला प्रशासन ने सभी मदिरा विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित एमआरपी के अनुसार ही शराब की बिक्री सुनिश्चित करें। भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

साथ ही प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं ओवररेटिंग या अन्य गड़बड़ी की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *