Headlines

Nainital: कैंची धाम मेले को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह, सुबह से उमड़ने लगी भीड़

Nainital: कैंची धाम मेले को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह, सुबह से उमड़ने लगी भीड़
शेयर करे-

Nainital: हर साल 15 जून को मनाए जाने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस को लेकर इस बार विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार मेले में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ कैंची धाम पहुंचने लगी है।

धाम को स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भव्य रूप से सजाया गया है। फूलों की मालाओं से सजा मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा रहा है। कैंची धाम इस समय अत्यंत आकर्षक और भव्य रूप में नज़र आ रहा है, जिसे देखने श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने इस बार तीन दिनों तक प्रसाद वितरण का निर्णय लिया है। 16 और 17 जून को भी मालपुए का प्रसाद वितरित किया जाएगा। यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु इस प्रसाद को नीम करौली बाबा का आशीर्वाद मानता है।

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। नैनीताल पुलिस प्रशासन ने 14 जून सुबह 8 बजे से 15 जून शाम 7 बजे तक भवाली-कैंची धाम मार्ग पर यातायात डायवर्ट कर दिया है। इस दौरान भवाली से कैंची धाम जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

  • काठगोदाम-ज्योलीकोट मार्ग से आने वाले वाहन भवाली-रामगढ़-नथुवाखान होते हुए क्वारब भेजे जाएंगे।
  • हल्द्वानी से भीमताल आने वाले वाहन खुटानी-धानाचूली होते हुए अल्मोड़ा भेजे जाएंगे।
  • अल्मोड़ा से आने वाले वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़-भवाली होते हुए हल्द्वानी भेजे जाएंगे।
    15 जून को मेला समाप्त होने तक सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

सुरक्षा के लिहाज से इस बार अभूतपूर्व व्यवस्था की गई है। तीन बटालियन पीएसी और 800 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पहली बार आतंकवाद-निरोधक दस्ता (ATS) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) को भी मेले की सुरक्षा में लगाया गया है। SSB के प्रशिक्षित जवानों को मेला स्थल और आस-पास की निगरानी में तैनात किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की मदद से पूरे मेला परिसर की निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी करते हुए सुरक्षा एजेंसियों को रियल-टाइम अपडेट दिया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके।

For latest news updates click here

For English news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *