Nainital: मानसून की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष वंदना ने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर आपदा प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून अवधि में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को पूर्ण तैयारी रखनी होगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सड़कें यदि आठ घंटे से अधिक समय तक बंद रहती हैं, तो संबंधित सड़क एजेंसी के अधिशासी अभियंता स्वयं मौके पर पहुंचकर मार्ग खोलने की व्यवस्था करेंगे। साथ ही, सभी अधिकारियों से संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि आगामी तीन माह के दौरान प्रसव की स्थिति में आने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की सूची दो दिनों के भीतर तैयार की जाए। दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को समय रहते नगर क्षेत्र के चिकित्सालयों में स्थानांतरित करने की योजना बनाई जाए। इसके लिए प्रत्येक विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग कंट्रोल रूम स्थापित करेगा और एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि केवल सुरक्षित भवनों में ही विद्यालय संचालित किए जाएं। क्षतिग्रस्त भवनों को दो दिनों के भीतर ध्वस्त किया जाए और प्रधानाचार्यों से लिखित प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाएं कि विद्यालयों का संचालन पक्के भवनों में ही हो रहा है। इसकी जिम्मेदारी मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है।
सड़क मार्गों के अवरुद्ध होने की स्थिति में उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी व्यक्ति को फंसे न रहने दिया जाए। सड़क निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं और फंसे हुए लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
अधिक वर्षा की स्थिति में नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सचेत करते हुए सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। जेसीबी ऑपरेटरों को संवेदनशील स्थलों पर तैनात कर उनके मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने तथा समय-समय पर संवाद बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय पटवारियों के माध्यम से जेसीबी मशीनों की सत्यता सुनिश्चित कराई जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक कुमार राय, अपर जिलाधिकारी वित्त शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

