Haldwani: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी तहसील अंतर्गत देवखड़ी नाले में सोमवार प्रातः 9:15 बजे बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के दृष्टिगत संभावित आपदा की तैयारियों की समीक्षा और परीक्षण हेतु किया गया।
ड्रिल की पूर्व सूचना के अनुसार देवखड़ी नाले में जल स्तर अचानक बढ़ने की ‘घटना’ दर्शाई गई, जिस पर प्रतिक्रिया स्वरूप नैनीताल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में आईआरएस प्रणाली सक्रिय की गई। साथ ही हल्द्वानी तहसील स्तर पर भी राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी वंदना, जो कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष भी हैं, ने जिला आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की योजना तैयार की और जरूरी निर्देश जारी किए। हल्द्वानी तहसील कार्यालय में स्टेजिंग एरिया स्थापित कर बचाव दलों को मॉक स्थल पर भेजा गया।
मॉक अभ्यास के तहत छह ‘घायलों’ को घटनास्थल से निकाला गया, जिनमें चार को प्राथमिक उपचार और दो को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सुशीला तिवारी चिकित्सालय ‘भेजा गया’। जेसीबी मशीनों के जरिये मलबा हटाने और प्रभावितों को राहत शिविरों में भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की प्रक्रिया भी अभ्यास में सम्मिलित रही।
देवखड़ी क्षेत्र में यह मॉक ड्रिल बिना किसी जनहानि के सफलतापूर्वक पूर्ण की गई। अधिकारियों ने इसे आपदा पूर्व तैयारी की दिशा में एक आवश्यक और उपयोगी प्रयास बताया।
Haldwani: देवखड़ी नाले में अचानक बाढ़ की मॉक ड्रिल आपदा टीमें अलर्ट, रेस्क्यू ऑपरेशन का रिहर्सलhttps://t.co/23XV3oElXp pic.twitter.com/Il5WtjPhdE
— Aaj khabar (@AajKhabar23) June 30, 2025
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


