Nainital: जनपद नैनीताल पुलिस ने एक सराहनीय अभियान के तहत गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच मोबाइल ऐप और CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 200 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 37 लाख 48 हजार रुपये है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित मोबाइल ऐप सेल ने इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए तेज कार्रवाई की। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में टीम ने कार्य किया।

पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं द्वारा दिए गए IMEI नंबरों के आधार पर CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की। इसके बाद उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल फोन में विभिन्न ब्रांड शामिल हैं, जिनमें आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रियलमी, रेडमी, वन प्लस सहित अन्य कंपनियों के कुल 200 फोन शामिल हैं।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर सभी फरियादी बेहद खुश नजर आए और उन्होंने नैनीताल पुलिस का आभार जताया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने मोबाइल रिकवरी टीम को 1500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।
इस अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति की अहम भूमिका रही।

Chief Editor, Aaj Khabar
