Headlines

Nainital: नैनीताल में भारी बारिश के अलर्ट के बीच 14 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश

Nainital: नैनीताल में भारी बारिश के अलर्ट के बीच 14 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश
शेयर करे-

Nainital: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जनपद नैनीताल में 14 अगस्त 2026 को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार शुक्रवार 14 अगस्त को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य बंद रहेगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

मौसम विभाग ने भारी बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई है। ऐसे में संभावित जोखिम को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है।

आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान और विद्यालय, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से मौसम की संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में आवागमन से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *