Nainital: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 26 सितंबर 2026 को रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर के दौरान भूस्खलन और चट्टानों के गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
मौसम की गंभीर परिस्थितियों और छात्र छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नैनीताल के जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने 26 सितंबर 2026, शनिवार को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार 26 सितंबर को सभी संबंधित विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा। इन संस्थानों में छात्र छात्राओं की सुरक्षा एवं आवासीय सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्थाएं यथावत संचालित रहेंगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Chief Editor, Aaj Khabar
