Headlines

Haldwani: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम रयाल ने व्यय संवेदनशील क्षेत्रों के चिन्हांकन के दिए निर्देश

Haldwani: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम रयाल ने व्यय संवेदनशील क्षेत्रों के चिन्हांकन के दिए निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी कैंप कार्यालय में व्यय संवेदनशील विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों (ESCs) एवं व्यय संवेदनशील पॉकेट्स (ESPs) के चिन्हांकन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यय संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों एवं पॉकेट्स का चिन्हांकन वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर किया जाए और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने कहा कि पिछले दो विधानसभा एवं लोकसभा सामान्य निर्वाचन के दौरान नकदी, शराब, मादक पदार्थों, बहुमूल्य धातुओं और आभूषणों की जब्ती के आंकड़ों को व्यय संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान में प्रमुख आधार बनाया जाए। इसके अलावा, जिन विधानसभा क्षेत्रों में पूर्व चुनावों के दौरान जब्ती या अन्य निर्वाचन संबंधी घटनाओं का इतिहास रहा है, उन्हें भी चिन्हांकन प्रक्रिया में शामिल किया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में व्यय संवेदनशील पॉकेट्स की संख्या अधिक है, उन्हें भी प्राथमिकता के साथ चिह्नित किया जाए। निर्वाचन व्यय की निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से संबंधित कोषागारों एवं बैंकिंग व्यवस्थाओं से जुड़ी उपलब्ध सूचनाओं का भी उपयोग किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन की घोषणा से पूर्व छह माह की अवधि में मुद्रा की मांग में 20 प्रतिशत या उससे अधिक वृद्धि वाले क्षेत्रों की जानकारी को भी व्यय संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों की पहचान में शामिल किया जाए। संभावित निर्वाचन तिथि से लगभग छह माह पहले बैंक खातों में होने वाले लेन-देन की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी।

विशेष रूप से कुछ खातों से अनेक खातों में छोटी-छोटी राशियों के असामान्य रूप से अधिक ऑनलाइन या डिजिटल लेन-देन की स्थिति को भी व्यय संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों एवं पॉकेट्स के चिन्हांकन में ध्यान में रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम रयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानदंडों के आधार पर उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण किया जाए। आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यय संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एडीएम विवेक राय, एसडीएम मोनिका, एलडीएम अमित वाजपेयी, सीटीओ कमलेश भंडारी, एटीओ नंदन सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *