Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को डीएम कैंप कार्यालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सड़क व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। सड़कों को सुगम और आवागमन के अनुकूल बनाने के साथ ही मिट्टी जमा होने वाले स्थानों पर तत्काल सफाई और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि त्योहारी सीजन में जिले में नागरिकों और पर्यटकों की आमद बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों की खराब स्थिति से जिले की छवि प्रभावित न हो और आवागमन व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और यातायात दबाव वाले स्थानों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
हिट एंड रन मामलों में सहायता प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
बैठक के दौरान हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नियमानुसार मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही जिले के सभी अस्पतालों को आवश्यक जानकारी और जागरूकता उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि पात्र परिवारों को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़े विभागों के अभियंताओं को सड़क की गुणवत्ता, जल निकासी, गड्ढों और मिट्टी सहित संभावित दुर्घटना कारकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
