Headlines

Ramgarh: रामगढ़ से कैंचीधाम मोटर मार्ग के डामरीकरण का शुभारंभ, मंत्री कैड़ा ने 5.28 करोड़ रुपये की धनराशि से शुरू कराया सड़क सुधारीकरण कार्य

Ramgarh: रामगढ़ से कैंचीधाम मोटर मार्ग के डामरीकरण का शुभारंभ, मंत्री कैड़ा ने 5.28 करोड़ रुपये की धनराशि से शुरू कराया सड़क सुधारीकरण कार्य
शेयर करे-

Ramgarh: रामगढ़ ब्लॉक के तल्ला रामगढ़ से झुतिया, हली होते हुए कैंचीधाम तक क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुभारंभ किया। सड़क के निर्माण कार्य के लिए शासन से 5 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है। सड़क सुधारीकरण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।

दरअसल, तल्ला रामगढ़ से झुतिया, हली और कैंचीधाम तक जाने वाला मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। इससे ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी थी।

जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से सड़क के डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। शासन से 5 करोड़ 28 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद अब सड़क सुधारीकरण कार्य शुरू कराया गया है।

कार्य के शुभारंभ के दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को सड़क डामरीकरण का कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री देवेंद्र ढेला, मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय, कुंदन चिलवाल, देवेंद्र बिष्ट समेत ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *