Nainital: ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने की दिशा में उत्तराखंड पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर मुखानी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नशे के कारोबार में लिप्त दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 207 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 62 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को मुखानी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी धनपाल पुत्र रामसहाय, निवासी जवाहर ज्योती दमुवाढुगा थाना काठगोदाम जनपद नैनीताल के कब्जे से 125 ग्राम स्मैक तथा रामचन्द्र पुत्र लीलाधर, निवासी भेटाखास थाना कटरा तहसील तिलहर जनपद शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश के पास से 82 ग्राम स्मैक बरामद की गई। कुल 207 ग्राम स्मैक के साथ दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना मुखानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्वयं स्मैक के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए मादक पदार्थ लाकर बेचते थे। पुलिस द्वारा दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।


Chief Editor, Aaj Khabar
