Haldwani: हल्द्वानी के बद्रीपुरा क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का नैनीताल पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सफल खुलासा कर बुजुर्ग महिला के विश्वास को कायम रखा है। पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी गया लोहे का बक्सा, जमीन की रजिस्ट्री, जेवरात और नगदी पूरी तरह बरामद कर ली है।
घटना 15 जनवरी 2026 की है, जब बद्रीपुरा निवासी बुजुर्ग महिला दया नेगी के घर एक युवक किराए पर रहने के बहाने पहुंचा। आरोपी ने स्वयं को दीपक बिष्ट बताते हुए 8000 रुपये मासिक किराया तय किया और सामान लाने के बहाने महिला को घर के पीछे भेज दिया। इसी दौरान वह दो मंजिले मकान के कमरे से लोहे का बक्सा चोरी कर फरार हो गया, जिसमें सोने-चांदी के जेवर, करीब दस हजार रुपये नकद, साड़ियां और जमीन की रजिस्ट्री रखी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की पहचान की। पुलिस टीम ने बरेली रोड मेडिकल कॉलेज गेट के पास से अभियुक्त विरेन्द्र सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पूरा चोरी का सामान बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
नैनीताल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ पीड़िता को राहत मिली, बल्कि शहर में पुलिस की सतर्कता और कार्यकुशलता का भी स्पष्ट संदेश गया है।


Chief Editor, Aaj Khabar
