Headlines

Nainital: नैनीताल में मुख्यमंत्री धामी की वर्चुअल समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश

Nainital: नैनीताल में मुख्यमंत्री धामी की वर्चुअल समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश
शेयर करे-

Nainital: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से जनपद नैनीताल के लालकुआं, नैनीताल, भीमताल, रामनगर और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्रों में चल रही मुख्यमंत्री घोषणाओं और प्रमुख विकास कार्यों की वर्चुअल माध्यम से विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नैनीताल से वर्चुअल रूप से प्रतिभाग करते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

समीक्षा के दौरान लालकुआं क्षेत्र की 8 घोषणाओं में से 4 पर शासनादेश जारी हो चुके हैं, जबकि शेष लंबित योजनाओं में गोला और नंधौर नदी से बाढ़ सुरक्षा, हल्द्वानी-लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर 49.47 करोड़ की लागत से सेतु निर्माण और वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर फेंसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

भीमताल क्षेत्र की 8 घोषणाओं में 4 पर शासनादेश जारी हो चुके हैं, जबकि अन्य में लेटीबुंगा-शशबनी खेल मैदान, मिनी स्टेडियम निर्माण, ओखलकांडा और गलनी-खनस्यू में खेल सुविधाओं का विस्तार तथा फ्लोरीकल्चर यूनिट स्थापना जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में 10 में से 9 घोषणाओं पर शासनादेश जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष एक योजना बेतालघाट क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण से संबंधित है, जिसकी लागत लगभग 498.84 लाख रुपये है।

कालाढूंगी क्षेत्र में 10 में से 6 घोषणाओं पर शासनादेश जारी हुए हैं, जबकि शेष योजनाओं में रकसिया नाले के जलभराव से राहत हेतु पुलिया निर्माण, कोटाबाग महाविद्यालय में कृषि विषय शुरू करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन और मुखानी क्षेत्र में नालों के कवरिंग कार्य जैसी योजनाएं शामिल हैं।

रामनगर क्षेत्र की 11 घोषणाओं में से 6 पर शासनादेश जारी हो चुके हैं। शेष योजनाओं में यातायात दबाव कम करने हेतु नहर कवरिंग, बहुमंजिला पार्किंग निर्माण, ढेला नदी पर सेतु निर्माण और रिंग रोड के सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही आपदा प्रबंधन के तहत नदी-नालों की सफाई और वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *