Rudrapur: रुद्रपुर के किच्छा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब रुद्रपुर बाईपास पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का कटा हुआ हाथ बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में इसे हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि मामला अभी भी संदिग्ध बना हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति को तत्काल सूचना दी गई। उनके निर्देश पर फॉरेंसिक साइंस टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने पहुंचकर कटे हुए हाथ को सावधानीपूर्वक कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसमें एक अहम सुराग सामने आया। फुटेज के आधार पर पता चला कि क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जुड़ा हादसा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जेसीबी मशीन मंगवाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया, जिससे दुर्घटना की आशंका और मजबूत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रामवीर नामक एक व्यक्ति घटना के बाद से लापता है। बताया जा रहा है कि रामवीर एक इंटरलॉक फैक्ट्री में कार्यरत था और घटना वाले दिन काम से घर लौट रहा था, लेकिन वह घर नहीं पहुंच सका।
इसी आधार पर पुलिस को आशंका है कि झाड़ियों में मिला कटा हुआ हाथ रामवीर का हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए डीएनए सहित अन्य फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
