Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी में एक बड़े आतंकी नेटवर्क का खुलासा करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। आरोपी के तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)’ और आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विक्रांत कश्यप (29 वर्ष), निवासी झाझरा, प्रेमनगर, को 9 अप्रैल की रात प्रेमनगर क्षेत्र से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस और स्प्रे पेंट की कैन के साथ पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा के लगातार संपर्क में था।
एसटीएफ को पहले से इनपुट मिले थे कि पाकिस्तानी आतंकी संगठन सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं और उन्हें स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी आधार पर तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए विक्रांत पर नजर रखी जा रही थी।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का फैन था और उनकी हत्या के बाद बदले की भावना से भरा हुआ था। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर आतंकी शहजाद भट्टी के पोस्ट और रील्स से प्रभावित होकर वह उसके संपर्क में आ गया।
आतंकी हैंडलर के निर्देश पर विक्रांत ने देहरादून के कई महत्वपूर्ण स्थानों, पुलिस थानों और सरकारी संस्थानों की वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजी। इतना ही नहीं, उसे आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य संवेदनशील जगहों को निशाना बनाने के निर्देश भी दिए गए थे।
आरोपी को शहर में ‘TTH’ लिखकर दहशत फैलाने का टास्क भी दिया गया था। इसके तहत उसने सेलाकुई, अडवानी पुल और झाझरा क्षेत्र में कई जगहों पर आपत्तिजनक नारे लिखकर उनके वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को बड़े हमले के लिए उकसाया जा रहा था, जिसमें दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के वकील पर हैंड ग्रेनेड फेंकने की साजिश शामिल थी। इसके बदले उसे नेपाल के रास्ते दुबई में बसाने और मोटी रकम देने का लालच दिया गया था।
आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे के अनुसार, आरोपी पहले पंजाब के नाभा में भी काम कर चुका है और उसके मोबाइल से कई अहम जानकारियां मिली हैं। मामले में अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
