New Delhi: उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की और राज्य के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड को निरंतर सहयोग देने के लिए आभार जताते हुए कहा कि राज्य, विकसित भारत 2047 के विजन में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने को तत्पर है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को कार्तिक स्वामी मंदिर के प्रतिरूप, आदि कैलाश यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक और उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पाद जैसे कनार का घी, लाल चावल, बासमती चावल, काला जीरा, गंध रैण, जम्बू और स्थानीय शहद भेंट किए। उन्होंने प्रधानमंत्री को 27 देशों से प्राप्त सर्वोच्च नागरिक सम्मान के लिए बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने केदारनाथ और बद्रीनाथ की तर्ज पर हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और चम्पावत में शारदा कॉरिडोर के अवस्थापना विकास हेतु सीएसआर फंडिंग का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने उधमसिंह नगर स्थित नेपा फार्म को सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित करने, रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम को हरिद्वार तक विस्तारित करने और टनकपुर-बागेश्वर व ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल परियोजनाओं को भी शामिल करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में प्रस्तावित नंदा राजजात यात्रा के लिए पर्यावरण अनुकूल अवस्थापना विकास हेतु 400 करोड़ रुपये की सहायता और वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ के लिए 3500 करोड़ रुपये की मांग की। उन्होंने ऋषिकेश और हरिद्वार में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की 1015 करोड़ की डीपीआर को आरडीएसएस योजना के तहत स्वीकृत किए जाने का अनुरोध भी किया।
धामी ने चौरासी कुटिया को पूर्व स्वरूप में लाने के लिए राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से अनुमोदन की मांग की। इसके साथ ही, उन्होंने पिण्डर-कोसी लिंक परियोजना को विशेष योजना के अंतर्गत लेने और पांच जल विद्युत परियोजनाओं (कुल 596 मेगावाट) को अनुमति देने का आग्रह भी प्रधानमंत्री से किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री से चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, नंदा राजजात, हरिद्वार कुंभ और जल जीवन मिशन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली और उत्तराखण्ड को केंद्र सरकार से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

