Headlines

Noida: वेतन वृद्धि की मांग पर नोएडा में हिंसक बवाल, गाड़ियों में आगजनी, पथराव और NH-9 पर लगा लंबा जाम

Noida: वेतन वृद्धि की मांग पर नोएडा में हिंसक बवाल, गाड़ियों में आगजनी, पथराव और NH-9 पर लगा लंबा जाम
शेयर करे-

Noida: नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। पिछले तीन-चार दिनों से जारी प्रदर्शन ने उग्र रूप लेते हुए कई इलाकों में हालात बिगाड़ दिए। गुस्साए कर्मचारियों ने सड़कों पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

फेज-2 क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। मदरसन कंपनी के पास करीब चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। उग्र भीड़ ने एक पुलिस वाहन को पलटकर उसमें भी आग लगा दी।

प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बावजूद कई स्थानों पर कर्मचारियों ने सड़क जाम कर नारेबाजी की और गाड़ियों के सामने लेटकर यातायात रोक दिया। कुलेसरा से फेज-2 तक कर्मचारियों ने मार्च निकालकर अपनी ताकत दिखाई।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करना, ओवरटाइम का उचित भुगतान और छुट्टियों के लिए अलग प्रावधान शामिल हैं।

इस प्रदर्शन का असर पूरे नोएडा में देखने को मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर भारी जाम लग गया और औद्योगिक क्षेत्रों की कई प्रमुख सड़कें बंद करनी पड़ीं। सेक्टर-60 सहित कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने रहे और पुलिस बल लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा।

इधर, फरीदाबाद और पलवल में भी कर्मचारियों का गुस्सा देखने को मिला। फरीदाबाद के सेक्टर-37 सराय ख्वाजा इलाके में 500 से अधिक कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। वहीं पलवल के पृथला क्षेत्र में साई ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने आगरा हाईवे को जाम कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *