Headlines

Nainital: अम्बेडकर जयंती-वैसाखी पर कैंची धाम में ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर रोक व शटल सेवा से होंगे दर्शन

Nainital: अम्बेडकर जयंती-वैसाखी पर कैंची धाम में ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर रोक व शटल सेवा से होंगे दर्शन
शेयर करे-

Nainital: 14 अप्रैल 2026 को डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर जयंती और वैसाखी अवकाश के चलते कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसका उद्देश्य सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना और पर्यटकों को असुविधा से बचाना है।

जारी योजना के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा के वाहनों को ही निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति होगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहे से पहले रोका जा सकता है या वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा।

प्रशासन ने बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था भी की है। भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को अपने वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े करने होंगे, जहां से उन्हें शटल सेवा के जरिए मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। इसी तरह नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और वहां से भी शटल सेवा के माध्यम से दर्शन कराए जाएंगे।

प्रशासन ने सभी पर्यटकों, वाहन स्वामियों और आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *