Rudrapur: जिले में नए आपराधिक कानूनों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उधम सिंह नगर पुलिस ने एक विशेष ई-वैन अभियान की शुरुआत की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मणिकांत मिश्रा ने पुलिस कार्यालय परिसर से इस ई-वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस ई-वैन में एक उप-निरीक्षक और एक कांस्टेबल की तैनाती की गई है, जो आगामी एक माह तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर आम जनता को नए कानूनों की जानकारी देंगे। यह वैन निर्धारित शेड्यूल के अनुसार क्षेत्रीय दौरों पर जाकर लोगों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे नए कानूनों की सरल और सटीक जानकारी प्रदान करेगी।
इस अवसर पर एसपी क्राइम/यातायात सुश्री निहारिका तोमर, एसपी सिटी श्री उत्तम नेगी और पुलिस अधीक्षक संचार श्री रेवाधर मठपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस विभाग का यह प्रयास आम जनमानस को कानून के प्रति जागरूक करने और न्याय प्रणाली की समझ बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


